‘होली आयो रे’
- धन्नु कुमार मिश्र
होली एक ऐसा त्यौहार है जिसके मनाने का तरीका ही ऐसा होता है, जो खुद परिलक्षित करता है कि इस त्यौहार से आप अपने जीवन में रंग भर सकते हैं । रंग-रंगीले इस त्यौहार में रंगों की ही बात होती है । रंगों से कारोबार होने वाला है ये त्यौहार । हम जीवन के सारे दुख-दर्द को इस त्यौहार में भूल जाते हैं । इस त्यौहार में दुश्मन भी दोस्त बन जाते हैं । जीवन के हर स्वेत-श्याम लम्हों को इस त्यौहार में एक नया रंग मिल जाता है । होली त्यौहार ही ऐसा है, जो हर किसी को अच्छा लगता है । होली का फागुनी रंग सबके सिर चढ़कर बोलता है होली भी मस्ती तो ऐसी होती है, जिसे साथ बांटने से इसमें और ज्यादा मजा आता है । रंग, गुलाल, पिचकारियां, गुझिया, इस त्यौहार का मुख्य आकर्षण हैं । होली तो ऐसा त्यौहार है, जिसमें दुश्मन को भी दोस्त बनाया जा सकता है । होली को मनाने की परंपरा तो काफी पुरानी है । कहते हैं प्रहलाद की बुआ होलिका ने जब उसे गोद में बिठाकर जलाने की कोशिश की तो प्रभु विष्णु की कृपा से विष्णु भक्त प्रहलाद बच गया और होलिका ही जल मरी, इसी खुशी मेम होली का पर्व हर्षौउल्लास के साथ मनाया जाने लगा ।
होली मनाने के कई तरीके होते हैं, पूरे भारत में इसे मनाने की अलग-अलग प्रथाएं एवं चलन व्याप्त हैं । वैसे बृज की होली सबसे मशहूर मानी जाती है । इसमें बरसाना का लट्ठमार होली, और मथुरा में महीनों तक चलने वाली होली प्रमुख है । होली पूरे भारत में मनाई जाती है, और विदेश में बसे भारतीयों (एन आर आई) के द्वारा भी मनाई जाती है । होली त्यौहार तो है बड़ी रंगीन मिजाजीवाला लेकिन इस त्यौहार के आजकल कुछ ओछे प्रतिरूप भी सामने आने लगे हैं । मसलन गलत रंगों का प्रयोग, कपड़े फाड़ना, जबरदस्ती होली खेलना, नलैयों में फेंक देना, लड़कियों से बदतमीजी करना आदि कुछ ऐसे ओछे हरकत आजकल होली में सामने आने लगे हैं जिससे होली के रंग में भंग पड़ जाता है । इसलिए ऐसा ना करते हुए लोगों को इस त्यौहार के असली रंग-रंगीले मजे का लुफ्त उठाना चाहिए ।
खाओ, पीओ रंग, गुलाल उड़ाओ और लगाओ यही तो होली की असली मस्ती है । अगर हम त्यौहारों के लिहाज से देखें तो, अगर आप बड़े मस्तीखोर टाईप इंसान हैं तो होली का त्यौहार आपके लिए बिल्कुल मुफीद है । गम इंसान का साथ कभी नहीं छोड़ता । गम और इंसान का चोली-दामन का साथ होता है और किसी दिन हम अपने सारे गम को कुछ देर के लिए भुला सकते हैं तो ऐसा अवसर हमें होली के दिन ही मिल सकता है । इसलिए आईये पूरे जोर-शोर से स्वागत करें इस रंग-रंगीले पावन त्यौहार का और अपने घर को खुशियों से भर दें ।