फिल्मी सितारों को डीएनए स्टाइल अवार्ड
फिल्म, फैशन और खेलों से जुड़ी हस्तियों को यहां इंटरकांटिनेंटल द ललित में आयोजित एक रंगारंग समारोह में ‘डीएनए आफ्टर ऑवर्स स्टाइल अवॉर्डस-2010’ से नवाजा गया। हिंदी फिल्मों के महानायक अमिताभ बच्चन एटरनली स्टाइलिश मेल श्रेणी में और शाहरुख खान व गौरी खान स्टाइलिश कपल श्रेणी में विजेता रहे।
फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्या राय को आईकोनिक ब्यूटी, फराह खान अली और क्वीनी सिंह क्रमश: सोसाइटी स्वान और स्टाइल ओरिजनल (फीमेल) श्रेणी में विजेता घोषित किया गया। इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने कहा कि वे यह पुरस्कार पाकर खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
शाहरुख खान ने स्टाइलिश कपल अवार्ड हासिल करने के लिए पूरा श्रेय अपनी पत्नी गौरी खान को दिया। सुष्मिता सेन को आईटी गर्ल, शिल्पा शेट्टी को गॉडेस और सोनम कपूर को जेन-नेक्स्ट पुरस्कार से नवाजा गया।
फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर को ओरिजनल (मेल), वल्र्ड चैम्पियन बिलियर्डस खिलाड़ी पंकज आडवाणी को स्पोर्ट्सपर्सन का अवार्ड दिया गया। मशहूर कार निर्माता कंपनी फोक्सवेगन द्वारा प्रायोजित इस पुरस्कार समारोह का संचालन डीनो मोरिया और साइरस ब्रोचा ने किया।