जुलाई - 2010
मेष - इस माह थोड़ी अड़चनों के साथ कार्यों में सफलता प्राप्त होगी । अपनी भावनाओं को दूसरों पर जाहिर न होने दें । मासारम्भ में महत्वपूर्ण कार्यों को अच्छी तरह सोच-विचार कर करें । अन्यथा लाभ की जगह हानि हो सकती है । निकटस्थ सम्बन्धों में मधुर वाणी का प्रयोग करें । प्रणय सम्बन्धों में प्रगाढ़ता बढ़ने से मानसिक तनाव की अनुभूति होगी । माह के मध्य में माता-अथवा बहन के स्वास्थ्य को लेकर मन परेशान होगा । किसी प्रिय मित्र से मिलने की इच्छा प्रबल होगी । व्यावसायिक यात्रायें सफल होगी । जीवनसाथी से भावनात्मक सहयोग प्राप्त होगा । मासान्त में आय से अधिक व्यय होने की सम्भावना है । परिवार में किसी नये नन्हे मेहमान के आगमन से पारिवारिक वातावरण सुखद होगा । रोजगार के सुअवसरों का लाभ उठाने में सफल होंगे । दिनांक - 4,16, 20, 25, 29 शुभ है ।
वृष - यह माह आपके लिए शुभाशुभ मिश्रित फलदायक है । अपने क्रोध को नियन्त्रित करें । मासारम्भ में नौकरी व व्यापार में सामान्य लाभ प्राप्त होगा । पारिवारिक वातावरण में थोड़े तनाव की आशंका है । विदेश यात्रा के योग बन रहे हैं । जीवनसाथी वैचारिक मतभेद की सम्भावनायें हैं, अतः मधुरवाणी का प्रयोग अपेक्षित हैं । विद्यार्थियों के लिए मनोनुकूल परिणाम प्राप्त होने से मन प्रसन्न होगा । माह के मध्य में कोई नया कार्य प्रारम्भ करने की योजना फलीभूत होगी । अविवाहितों के विवाह सम्बन्धी प्रक्रियायें तीव्र होगी । निकटस्थ सम्बन्धों में अपेक्षायें रखने के बजाय तटस्थ बनने क अप्रयास करें । मासान्त में माता के स्वास्थ्य को लेकर थोड़ा तनावग्रस्त हो सकते हैं । विपरीतलिंगी सम्बन्धों में निकटता से पारिवारिक वातावरण प्रभावित होगा । रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे । दिनांक- 3, 8, 14, 20, 27 अशुभ हैं ।
मिथुन - यह माह अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेकर कुछ नया करने का है । अपने उच्श्रृंखल मन को नियंत्रित करें । मासारम्भ में भौतिक अभिलाषायें मन पर हावी होगी, जिससे कोई मासिक तनाव की अनुभूति होगी । संतान पक्ष से कोई अच्छी सूचना आपके मन को प्रसन्न करेगी । आय-व्यय में संतुलन बनाने की चेष्टा करें । माह के मध्य में उच्चस्थ सम्बन्धों के सहयोग से कोई नया कार्य प्रारम्भ करेंगे । माह के मध्य में गुप्त शत्रुओं की सक्रियता तो बढेगी, परन्तु ग्रहों की प्रबलता से शत्रु परास्त होंगे, वाहनादि के क्रय की योजना बन सकती है । नौकरी पेशे में पदोन्नति के योग बन रहे हैं । मासान्त में किसी महिला के सहयोग से आर्थिक लाभ प्राप्त होगा । खान-पान में सावधानी बरतें, अन्यथा उदर रोग की संभावना है । आध्यात्मिक कार्यों में रूचि बढ़ेगी । दिनांक - 5, 9, 17, 22, 29 शुभ हैं ।
कर्क- यह पूरा माह आपको कुछ आश्चर्यजनक घटनाओं और अनुभवों से सामना करवायेगा । दूसरों पर जल्द भरोसा करना आपके लिए हानिकारक हो सकता है । मासारम्भ में व्यावसायिक जीवन में भावनाओं को शामिल न करें । कल्पनाओं को साकार रूप देने के लिए प्रयास सार्थक होंगे । सामाजिक जीवन में लोकप्रियता बढ़ेगी और सम्मान व उपहार का लाभ मिलेगा । कोई नजदीकी व्यक्ति आपकी सफलताओं से ईर्ष्या भाव के कारण आपको नुकसान पहुँचाने की चेष्टा कर सकता है । माह के मध्य में आकस्मिक कोई नई जिम्मेदारी मन को थोड़ा परेशान कर सकती है । सन्तान सम्बन्धी दायित्वों की पूर्ति से मन प्रसन्न होगा । अध्ययन अध्यापन के क्षेत्र के लोगों की व्यस्तता मे वृद्धि होगी । कोई नया व्यवसाय प्रारम्भ करने के लिए अच्छा समय है । घर मे पिता अथवा बड़े भाई से वाद-विवाद हो सकता है । मासान्त में कार्यों को समयानुकूल पूर्ति हेतु प्रयास सार्थक होंगे । व्यावसायिक यात्रायें करनी पड़ सकती हैं । किसी नये सम्बन्ध के कारण थोड़े लाभ की सम्भावना है । विपरीतलिंगी सम्बन्धों में अत्यधिक निकटता से बचें । विद्यार्थियों को अत्यधिक परिश्रम की आवश्यकता है । दिनांक 1, 5, 9, 11, 16, 22, 27 अशुभ हैं ।
सिंह - अपनी अत्यधिक महत्वाकांक्षा के कारण अनैतिक कार्यों को करने से बचें । सम्बन्धों में अत्यधिक संवेदनशीलता से आपको अधिकांशतः दुःखी कर देती है । परिवार के सदस्यों में मतभेद के कारण तनाव का वातावरण होगा । मासारम्भ में कोई नयी योजना आपको अपनी ओर आकर्षित करेगी । अभिलाषायें अपनी पूर्ति के लिए आपको प्रेरित करेंगी । मित्रों के सहयोग से किसी कार्य को करने के बारे मे सोचना छोड़कर अपनी प्रतिभा को पहचानें । सट्टा आदि मे निवेश करने से पहले सोचविचार कर लें । माह के मध्य में कोई आकस्मिक शुभ समाचार आपको उत्साहित करेगा । व्यावसायिक यात्रायें बहुत लाभकारी नहिं सिद्ध होंगी । प्रणय सम्बन्धों में निकटता से परिवार मे तनाव की स्थिति आ सकती है । माता के स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतें । मासान्त में व्यवसाय के नये स्रोत बनेंगे । कोई नया कार्य प्रारम्भ कर सकते हैं । वाहन आदि का क्रय -विक्रय भी सम्भव है । कानूनी मामलों में लापरवाही न बरतें और उन्हें नजरअंदाज न करें । किसी प्रिय व्यक्ति से अचानक मुलाकात से मन प्रसन्न होगा । दिनांक 3, 8, 14, 19, 23, 28 शुभ हैं ।
कन्या- माह की शुरुआत तो अच्छी होगी, परन्तु मध्य मे थोड़ी कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है । अपनी भावनाओं को नियंत्रित करके सम्बन्धों में थोड़ा समझौतावादी बनें । कामकाजी महिलाओं को कष्ट का सामना करना पड़ सकता है । मासारम्भ में कोई ऐसा कार्य न करें जिससे अपयश व लांछन का शिकार होना पड़े । नौकरी पेशा लोगों के स्थान परिवर्तन अथवा पदोन्नति के योग बन रहे हैं । किसी व्यर्थ के वाद-विवाद अथवा झगड़े से बचें । आय से अधिक व्यय होने के कारण मानसिक परेशानी हो सकती है । अपने आत्मविश्वास व धैर्य से कठिन परिस्थितियों में भी अपने को सामान्य बनाये रखने में सक्षम होंगे । माह के मध्य में स्मरण क्षमता में वृद्धि होगी । व्यापार-व्यवसाय के क्षेत्र के लोगों को सोच-समझकर धन लगाना होगा अन्यथा हानि हो सकती है । सम्बन्धों में वैचारिक मन मुटाव से थोड़ा तनाव महसूस करेंगे । माता के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतें । माह के अन्त में आवश्यक कार्यों को समयानुकूल पूर्ण कर लेने से उत्साह में वृद्धि होगी । किसी प्रिय मित्र से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी । जीवनसाथी से भावनात्मक सहयोग प्राप्त होगा । आलस्य का त्याग करके कार्योंं को अंजाम देने के प्रयास सार्थक होंगे । दिनांक 3, 9, 19, 17, 23, 27 अशुभ हैं ।
तुला- अपने अन्तर्मुखी स्वभाव को परिवर्तित करते हुए आज की दुनिया के मुताबिक अपने को ढालने की चेष्टा करें । कोई आकस्मिक कार्य आपकी दिनचर्या में थोड़ा अवरोध उत्पन्न कर सकता है । प्रणय सम्बन्धों में अत्यधिक निकटता से परिवार में तनाव का वातावरण उत्पन्न हो सकता है । मासारम्भ में अविवाहितों के विवाह सम्बन्धी गतिविधियां तेज होंगी । राजनीति अथवा लेखन कार्य से जुड़े लोगों को विशेष सफलता अथवा लोकप्रियता प्राप्त होने के योग बन रहे हैं । विद्यार्थियों को मनोवांछित परिणाम प्राप्ति हेतु अत्यधिक परिश्रम की आवश्यकता है । माह के मध्य में घर में किसी मांगलिक आयोजन से वातावरण बड़ा ही अच्छा व सुखद होगा । महिलाओं को उपहार, वस्त्र, आभूषण आदि की प्राप्ति के योग हैं । कोई व्यावसायिक यात्रा के लाभ मिलने के आसार हैं । भाई अथवा पिता से वैचारिक मतभेद की सम्भावना है । मासान्त में आय के नये स्रोत बनेंगे । किसी नये कार्य को प्रारंभ करने की योजना बन सकती है । कोई बहुत दिनों से अवरोधित कार्य सम्पूर्ण होने से उत्साह मन में प्रसन्नता की अनुभूति होगी । दिनांक 5, 9, 12, 17, 22, 27 शुभ हैं ।
वृश्चिक- इस माह आपको व्यवसाय में थोड़े उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है । आपका संवेदनशील मन अनायास ही सम्बन्धों में थोड़ी सी परेशानी से दुःखी हो जाता है । अत्यधिक व्यस्तता के कारण स्वास्थ्य को वरीयता देने में लापरवाही न करें । मासारम्भ में निजी व्यवसाय को प्रारम्भ करने की योजना बन सकती है । जीवनसाथी से किसी मुद्दे पर बहस हो सकती है । पूंजीनिवेश के लिए अच्छा समय कहा जायेगा । वस्त्र इत्यादि के व्यापारियों के लिए अच्छा समय कहा जायेगा । माह के मध्य में भागीदारी में कार्य करने से हानि का सामना करना पड़ सकता है । किसी अचल सम्पत्ति के खरीद-फरोख्त से लाभ के आसार हैं । भावनाओं में बहकर कोई कार्य न करें, बल्कि विवेक का उपयोग करें । महिलाओं के लिए व्यस्तता में वृद्धि हो सकती है और स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है । मासान्त में अविवाहितों के विवाह आदि तय होने के योग हैं । लेखन अथवा मीडिया से जुड़े लोगों को उपहार अथवा सम्मान का लाभ प्राप्त होगा । आय के नये स्रोतों से आत्मविश्वास मे वृद्धि होगी । दिनांक 2, 7, 13, 18, 20, 25, 27 शुभ हैं ।
धनु- अपने अन्दर छुपी हुई प्रतिभा को पूर्ण रूप से उजागर करने और उसे निखारने का प्रयास करें । किसी निजी सम्बन्ध की वजह से व्यावसायिक जीवन को नजरअंदाज न करें । व्यवसाय में थोड़ा उतार-चढ़ाव से मन परेशान हो सकता है । मासारम्भ में कोई नयी योजना फलीभूत होने से उत्साह में वृद्धि होगी । घर-परिवार में कोई मांगलिक आयोजन अथवा भाई बहन की शादी का अवसर होने से पारिवारिक वातावरण अच्छा होगा । कोई व्यावसायिक यात्रा करनी पड़ सकती है । माह के मध्य में नये सम्बन्धों का लाभ लेने में सक्षम होंगे । नौकरी पेशे में सहकर्मियों से मतभेद की आशंका है । गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें । अपने आत्मबल व धैर्य से कठिन परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम होंगे । मासान्त में राजनीति अथवा मीडिया के लोगों के लिए लोकप्रियता व व्यस्तता का समय होगा । सम्बन्धों में अत्यधिक भावनात्मक अपेक्षायें कष्ट का कारण बन सकती हैं । माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें । आय के नये आयाम बनने के आसार हैं । दिनांक 3, 7, 9, 15, 22, 27 अशुभ हैं ।
मकर- अपने प्रभावी व्यक्तित्व के कारण आप जल्द ही अपनी पहचाने बनाने में सक्षम हैं । अपनी इस प्रतिभा का भरपूर लाभ उठाने का समय है । अभिलाषाओं को मन पर हावी न होने दें । मासारम्भ में व्यवसाय में थोड़ा अच्छा परिवर्तन होगा, जिससे आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी । अपनी भावनाओं पर नियंत्रण करें और छोटी-छोटी बातों को दिल से न लगावें । विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यस्तता का समय कहा जायेगा । माह के मध्य में किसी विपरीतलिंगी सम्बन्ध के प्रति आकर्षण बढ़ेगा । अत्यधिक व्यस्तता के कारण अपने स्वास्थ्य को अनदेखा न करें। पारिवारिक सदस्यों के बीच थोड़ा तनाव होने से मन खिन्न हो सकता है । आय -व्यय में सन्तुलन बनाने की चेष्टा करें । मासान्त में भावनाओं में बहकर कोई ऐसा कार्य न करें जिससे बाद में पछताना पड़े । आकस्मिक कोई सुखद सूचना आपको उत्साहित करेगी । कार्यों की समयानुकूल पूर्ति हेतु प्रयास सार्थक होंगे । नये सम्बन्धों का व्यावसायिक लाभ प्राप्त करने से प्रसन्नता में वृद्धि होगी । दिनांक 4, 9, 15, 20, 26, व 30 अशुभ हैं ।
कुम्भ - यह पूरा माह आपको बहुत ही आश्चर्यजनक घटनाओं से अवगत करायेगा । अपनी बालसुलभता पर नियंत्रण रखें और अपने अन्दर वयस्कता लावें । सम्बन्धों में मतभेद हो सकता है । मासारम्भ में कोई आधारहीन सूचना आपको परेशान कर सकती है । व्यवसाय में परिवर्तन लाभकारी सिद्ध होगा । अपनी व्यवहारकुशलता से नये उच्च सम्बन्धों का लाभ उठाने में सक्षम होंगे । जुआ अथवा सट्टे में पूंजीनिवेश से बचें । माह के मध्य में मनोबल की कमी के कारण क्षमता से अधिक जिम्मेदारियां मन को परेशान करेंगी । अवरोधों से डरकर बैठने के बजाय एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यों को पूर्ण करने की चेष्टा करें । जीवनसाथी के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें । मासान्त में किसी विपरीतलिंगी सम्बन्ध से भावनात्मक कष्ट मिलने की सम्भावना है । आय के नये-नये आयामों से मन में प्रसन्नता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी । सहकर्मियों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा । दिनांक 2, 6, 14, 18, 25, 29 शुभ हैं ।
मीन- अपने कल्पनाशील, अस्थिर व मूडी स्वभाव में परिवर्तन लाने की चेष्टा करें । आपका महत्वाकांक्षी मन हमेशा किसी न किसी उधेड़-बुन में लगा रहता है, जिससे आप अपने लक्ष्यों से भ्रमित हो जाते हैं । मासारम्भ में पारिवारिक समस्याओं को लेकर उलझें रहेंगे । सन्तान सम्बन्धी दायित्वों की पूर्ति हेतु मन चिन्तित रहेगा । विद्यार्थियों को मनोनुकूल सफलता प्राप्त होने से उत्साह में वृद्धि होगी । मीडिया अथवा रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों के लिए बहुत ही व्यस्तता का समय कहा जायेगा । माह के मध्य में रसायन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को कुछ नये अवसर प्राप्त होंगे । चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों को थोड़ा अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता है । अपनी व्यवहारकुशलता से नये अवसरों का लाभ प्राप्त करने में सफलता प्राप्त करेंगे । मासान्त में पूर्ववत समस्याओं से निकलकर राहत की साँस लेंगे । आध्यात्मिक विचारों में वृद्धि होगी । सत्संगियों का सानिध्य प्राप्त होगा । अविवाहितों के विवाह तय होने के प्रबल योग हैं । आय के नये आयाम खुलेंगे । दिनांक 5, 13, 17, 24, 29, अशुभ हैं ।
|
|