अमरनाथ यात्रियों का तीसरा जत्था रवाना
भाषा: अमरनाथ यात्रियों का तीसरा जत्था आज कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र गुफा की यात्रा के लिए रवाना हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जत्थे में लगभग 2,866 पुरूष, 538 महिलाएं, 89 बच्चे और 262 साधु शामिल हैं। सभी यात्री सुबह लगभग साढ़े पांच बजे जम्मू के भागवतीनगर भवन आधार शिविर से 111 वाहनों में रवाना हुए।
उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ, पुलिस और आईटीबीपी के सुरक्षा घेरे में गए जत्थे ने उधमपुर पार कर लिया है और अब वह बाल्टाल और पहलगाम के रास्ते में है।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 13 हजार श्रद्धालु पवित्र शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया ‘‘यात्रा ठीक तरह से चल रही है और यात्रियों को सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।’’ यात्रा के लिए देश भर से लगभग 2.90 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। यात्रा 25 अगस्त को समाप्त होगी।
देरी से निपटने के लिए मुआवजे का फार्मूला दिया उड्डयन मंत्रालय ने
यदि उड़ान रद्द हो जाती है, या फिर उड़ान में देरी होती है तो विमानयात्रियों को इसकी भरपाई के लिए मुआवजा मिल सकता है । नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इस संबंध में नियमों का मसौदा तैयार किया है । यदि नए नियम लागू होते हैं तो कोहरे या अन्य कोई ऐसी वजह जो एयरलाइंस के नियंत्रण के बाहर हैं, को छोड़कर अन्य मामलों में देरी के लिए यात्रियों का मुआवजा मिल सकता है ।
एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मार्गो पर हवाई उड़ानों की संख्या में विस्तार को देखते हुए सरकार के लिए विमान यात्रियों के हितों के मद्देनजर नियम बनाना जरूरी है । उड़ान में बाधा, यात्रियों को बोर्डिग की अनुमति नहीं देने, उड़ान रद्द होने या फिर उड़ान में विलंब के मद्देनजर यात्रियों को मुआवजा देने का प्रस्ताव है ।
नए नियमों के बाद भारतीय विमानन कानून एयरलाइंस की जिम्मेदारी या देनदारी के मामले में मॉट्रियल संधि के अनुरूप हो जाएंगे । लेकिन यदि राजनीतिक अस्थिरता या प्राकृतिक आपदा जैसे कारणों, जो एयरलाइंस के नियंत्रण के बाहर हैं, से उड़ान में देरी होती है या उड़ान रद्द होती है, तो विमानन कंपनी को कोई मुआवजा नहीं देना होगा । मसौदे के अनुसार, यदि टिकट की कीमत मुआवजे की राशि से अधिक है, तो उसी स्थिति में वित्तीय मुआवजा दिया जाएगा ।
मसौदा नियमों में कहा गया है कि यदि एयर ट्रैफिक कंट्रोल, मौसम सुरक्षा या उड़ान की स्थिति नहीं होने की वजह से उड़ान में देरी होती है, तो एयरलाइंस को कोई मुआवजा नहीं देना होगा । यदि किसी यात्री की बोर्डिग की अनुमति नहीं दी जाती है, तो एयरलाइंस को इसके लिए उसे मुआवजा देना होगा ।
भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर गिरफ्तार
बिहार के जहानाबाद जिले के हुल्लासगंज थाना अंतर्गत रूस्तमपुर गांव से विशेष कार्यबल की टीम ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के एक स्वयंभू जोनल कमांडर को आज धर दबोचा।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली का नाम प्रद्युम्न शर्मा उर्फ कुंदन जी है और वह प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के बिहार रिजनल कमेटी का सदस्य है ।
उन्होंने बताया कि शर्मा हाल ही झारखंड की एक जेल से रिहा हुआ था । उसे विशेष कार्य बल के एक पुलिस उपाधीक्षक ने ठेकेदार के वेश में गिरफ्तार किया ।
नीलमणि ने बताया कि शर्मा ने उक्त गांव में एक ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचा था जिसे विशेष कार्य बल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया ।