रेड अलर्ट- द वार विथ इन
फिल्म:रेड अलर्ट- द वार विथ इन
निर्माता: टी.पी अग्रवाल
निर्देशक: अनंत महादेवन
स्टार कास्ट: सुनील शेट्टी, नसीरुद्दीन शाह, विनोद खन्ना, समीरा रेड्डी, भाग्यश्री, आएशा धरकर, सीमा बिश्वास, गुलशन ग्रोवर और आशीष विद्यार्थी
स्टार रेटिंग:3
रेड अलर्ट फिल्म के टाइटल से ही पता चलता है कि यह किसी संजीदा मुद्दा या एक युद्ध पर केंद्रित फिल्म है जिसे डायरेक्टर अनंत महादेवन और लेखक अरुणा राजे ने बहुत ही बेहतरीन ढंग से पेश किया है । फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण और सीधा आदमी परिस्थितियों के चलते नक्सली बन जाता है।
नक्सलवाद इस समय देश में बहुत बड़ी समस्या है और रेड अलर्ट नक्सलवाद जैसे मुद्दे पर बनी एक गंभीर फिल्म है । लेखक ने बहुत ही बढ़िया तरीके से नक्सलियों की ज़िन्दगी को करीब से बताने की कोशिश की है। नक्सली दूसरों की नज़रों में भले ही आतंकवादी हों मगर वह खुद को क्रांतिकारी बताते हैं । इस् फिल्म के जरिए निर्देशक एव्ं लेखक ने नक्सलियों के मूलभूत् समस्या व उनके आक्रोश को दर्शाने की कोशिश की हैं, और फिल्म जंगलों में रह रहे इन् नक्सलियों को समझने में नया नजरिया बने ।
फिल्म में सुनील शेट्टी नरसिम्हा नाम के एक सीधे-साधे व्यक्ति के किरदार में हैं जो बहुत ही गरीब है और अपना और अपने परिवार का पेट भरने के लिए जंगल में आकर ठहरने वाले लोगों के लिए खाना बनाता है । एक दिन जंगल में ही नक्सलियों और पुलिस के बीच जंग होती है जिसमें सुनील को जबरदस्ती एक गैंग में शामिल कर लिया जाता है।
इस गैंग में विनोद खन्ना, आशीष विद्यार्थी, सीमा बिश्वास जैसे लोग रहते हैं जो आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ते हैं । मगर सुनील उनके हिंसा वाले रस्ते को मन से अपना नहीं पाता । उसे निर्दोष लोगों को मारना भी बर्दाश्त नहीं हो पाता । सुनील की तरह समीरा रेड्डी भी हालातों से मजबूर होकर नक्सलियों का साथ देने को मजबूर है।
इसी मार काट से तंग आकर सुनील एक दिन गैंग के एक व्यक्ति आशीष विद्यार्थी का खून कर वहां से भाग निकलता है और बाद पुलिस का साथ देकर नक्सलवाद को मिटाने के लिए पुलिस का साथ देने लग जाता है।
फिल्म की एडीटिंग और डायरेक्शन बेहतरीन है । साथ ही बढ़िया स्टोरी की वजह से स्क्रीनप्ले भी शानदार है। डायलॉग्स कम है मगर प्रभावशाली हैं और सिनेमेटोग्राफी भी अव्वल दर्जे की है।
अभिनय की बात की जाये तो सुनील शेट्टी का अभिनय जानदार है और अगर यह कहा जाए कि सुनील ने इस फिल्म में अपने करियर की अब तक की बेस्ट परफोर्मेंस दी है तो यह कहना गलत नहीं होगा।
आशीष विद्यार्थी और सीमा बिश्वास ने भी अपने किरदारों में जान फूंक दी है । समीरा रेड्डी ने इस फिल्म में अपने उम्दा अभिनय से सबको चौंका दिया है । साफ तौर पर कहा जाए तो फिल्म रेड अलर्ट एक गंभीर मगर बेहतरीन फिल्म है।