अभिनेत्री सुचित्रा सेन की सेहत में सुधार
सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराई गई अभिनेत्री सुचित्रा सेन की सेहत में सुधार हो रहा है जिससे उनके प्रसंशकों ने राहत की सांस ली है ।
सूत्रों ने बताया कि काफी दिनों से एकांत में रह रही फिल्म अभिनेत्री को 20 जून को बेलव्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था । उन्होंने कहा कि सुचित्रा की सेहत में सुधार हो रहा है और वह अब सामान्य खाना खा रही हैं ।
उन्होंने कहा, ‘‘ सुचित्रा से इंट्राविनस थेरेपी को हटा लिया गया है और वह कमरे में टहल भी रही हैं ।’’ सेन को इससे पहले भी फरवरी 2008 तथा अक्टूबर 2007 में इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था ।सिनेमा को सत्तर के दशक में अलविदा कहने के बाद से ही सुचित्रा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाई पड़ी हैं । उनकी तुलना हालीवुड अभिनेत्री ग्रेटा गाबरे से की जाती थी ।
सन 50 से 70 के बीच उन्होंने बांग्ला मेगास्टार उत्तम कुमार के साथ अभिनय कर धूम मचा दी थी। उन्होंने हिंदी में दिलीप कुमार के साथ विमल राय की ‘देवदास’ और संजीव कुमार के साथ गुलजार की ‘आंधी’ में अपने अभिनय से हिंदी सिने दर्शकों का दिल भी जीत लिया था । उनके एक पुत्री मुनमुन सेन और दो नातिनें रिया सेन और राइमा सेन हैं ।